healthplanet.net

Posted on

सर्दियों में सुबह क्या खाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें ठंड के दिनों में क्या खाकर करें दिन की शुरुआत

ठंड में दिन की शुरुआत हमें हेल्दी चीजों से करना चाहिए। ताकि आपका शरीर स्वस्थ रह सके। एक्सपर्ट से जानें सर्दियों में किन चीजों से करें दिन की शुरुआत

ठंड का सीजन आ चुका है। यह एक ऐसा सीजन है, जिसमें हम तरह-तरह का खाना खाना पसंद करते हैं। ऐसे में लोगों को कई तरह की परेशानियां भी होती हैं। खासतौर पर अगर आप सही डाइट का चुनाव नहीं करते हैं, तो आपके शरीर में समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। खासतौर पर सुबह खाली पेट सबसे पहले क्या खाना चाहिए, इस बात का हमें विशेष ध्यान रखना चाहिए। लेकिन हम में से कई लोग इस बात से अनजान होते हैं कि सर्दियों में सुबह क्या खाना चाहिए? ठंड के मौसम में खाली पेट क्या खाएं? क्या आप भी ऐसे ही लोगों में शामिल हैं? अगर हां, तो आज हम आपको इसी से जुड़ी जानकारी देने जा रहे हैं। आइए जानते हैं कि ठंड के मौसम में दिन की शुरुआत किन चीजों से करना फायदेमंंद हो सकता है?
क्या कहती हैं एक्सपर्ट?
डायट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी का कहना है कि सर्दियों में हमें दिन की शुरुआत ऐसी चीजों से करनी चाहिए, जिससे आपकी इम्यूनिटी बूस्ट होती है। वहीं, जो आपके शरीर को गर्म रखता हो। ऐसा करने से आप इन दिनों होने वाली वारयल समस्याओं से बच सकेंगे। साथ ही आपको सर्दियों में बार-बार खाने की क्रेविंग भी कम होगी। 
ठंड के मौसम में खाली पेट खाएं ये फूड्स - Eat these foods on an empty stomach in winter
1. आंवला का करें सेवन
ठंड में खाली पेट आप आंवला का सेवन कर सकते हैं। आंवला विटामिन सी से भरपूर होता है, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने में असरदार हो सकता है। यह सिट्रिक एसिड से भरपूर फल है, जिसका सेवन आप कई तरह से कर सकते हैं। कई लोग आंवला जूस, चटनी या फिर मुरब्बा बनाकर सर्दियों में इसका सेवन करते हैं। इससे न सिर्फ इम्यूनिटी बूस्ट होती है, बल्कि आपकी स्किन पर भी निखार आ सकता है। अगर आप सर्दियों में खाली पेट रोजाना 1 आंवला का सेवन करते हैं, तो इससे आपके शरीर की कई परेशानियां दूर हो सकती हैं। 
2. पंजीरी लड्डू
सर्दियों में पंजीरी के लड्डू काफी ज्यादा खाए जाते हैं। यह इम्यूनिटी बूस्ट करने और कोल्ड फ्लू से बचाने में आपकी मदद कर सकता है। आटे और घी से तैयार यह लड्डू आपके शरीर को काफी समय तक गर्म रखता है। साथ ही इससे बार-बार खाने की इच्छा भी कम होती है। अगर आप चाहे, तो रोजाना सुबह 1 लड्डू का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, अधिक मात्रा में इसका सेवन न करें। 
3. घी से बनी चीजें
सर्दियों में आपको ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए, जो आपके शरीर को गर्म रखता है। घी भी उन्हीं आहार में से एक है, जिसका सेवन आप सर्दियों में कर सकते हैं। खासतौर पर घी से तैयार चीजें जैसे- घी और आटे का हलुआ, ली से तैयार लड्डू इत्यादि। सुबह दूध के साथ आप इसका सेवन करते हैं, तो आपके शरीर को तुरंत गर्मी और उर्जा मिलती है। घी में हेल्दी वसा होता है। साथ ही यह आपके शरीर को विटामिन ए, विटामिन ई, विटामिन के, ओमेगा -3 फेटी एसिड और ओमेगा 9 फैटी एसिड प्रदान करता है। ऐसे में अगर अगर आप सुबह 1 चम्मच शुद्ध गाय के घी का सेवन करते हैं, तो आपको काफी फायदा हो सकता है।
4. मूंगफली की चिक्की
सर्दियों में मूंगफली की चिक्की काफी ज्यादा खाई जाती है। यह एक ऐसा स्वीट है, जो आपको सर्दियों में होने वाली परेशानियों से बचा सकता है। गुड़ और मूंगफली से तैयार चिक्की कार्ब्स से भरपूर होता है। जो आपके शरीर में एनर्जी बनाए रख सकता है। इसके अलावा चिक्की में तिल का भी मिश्रण होता है, जो सर्दियों में लाभकारी होता है। इसके अलावा मूंगफली की चिक्की में जिंक, आयरन और मैग्नीशियम होता है, जो सर्दियों में आपके शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है। सुबह खाली पेट आप रोजाना 1 चिक्की का सेवन कर सकते हैं। इससे आपको काफी लाभ होगा।
5. मुट्ठी भर खाएं नट्स 
ठंड में सुबह खाली पेट नाश्ते सेस पहले आप मुट्ठी भर नट्स का सेवन कर सकते हैं। यह आपके पाचन को सुधारने में आपकी मदद करता है। वहीं, यह आपके पेट के पीएच लेवल को सुधारने में आपकी मदद कर सकता है। आप चाहे, तो रोजाना 1 मुट्ठी बादाम, किशमिश और पिस्ता जैसे ड्राईफ्रूट्स का मिश्रण ले सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि इसका सेवन सीमित मात्रा में करें। इससे वजन बढ़ सकता है। 
6. दलिया
सर्दियों में सुबह दलिया भी आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। इसमें कैलोरी काफी कम होती है। वहीं, यह फाइबर से भरपूर होता है, जो लंबे समय तक भूख को कंट्रोल करती है। साथ ही यह आपके शरीर को डिटॉक्स करने में मददगार हो सकता है। सर्दियों में आंतों को स्वस्थ रखने के लिए आप दलिया का सेवन नाश्ते के रूप में कर सकते हैं। 
7. भीगे हुए बादाम
सुबह खाली पेट आप भीगे बादाम का सेवन कर सकते हैं। भीगे बादाम में विटामिन ई, मैंगनीज, फाइबर, प्रोटीन, ओमेगा -3 और ओमेगा -6 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो आपके स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि सुबह खाली पेट बादाम के छिलके को हटाकर ही इसका सेवन करेँ। दरअसल, इसके छिलके में टैनिन होता है, जो शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को रोक सकता है। इसलिए सुबह हमेशा छिलकर ही बादाम का सेवन करें
8. पपीता खाएं
सर्दियों में आप पपीते से भी दिन की शुरुआत कर सकते हैं। पपीता स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। इसमें भरपूर रूप से विटामिन सी और अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो आपके शरीर को एंटीऑक्सीडेंट्स प्रदान करते हैं। पपीता खाने से आपकी इम्यूनिटी बूस्ट हो सकती है। साथी ही खाली पेट ब्रेसफास्ट में पपीता शामिल करने से आपके आंत हेल्दी रह सकते हैं। इतना ही नहीं, इसमें कोलेस्ट्रॉल की मात्रा काफी कम होती है, जो दिल से जुड़ी बीमारियों को दूर रखने में आपकी मदद कर सकता है। 

सर्दियों में शरीर को हेल्दी बनाए रखने के लिए सुबह के समय आप इन आहार का सेवन कर सकते हैं। इन आहार से आपका शरीर गर्म रहेगा। वहीं, शरीर में मौजूद पोषक तत्वों की कमी भी दूर होगी। लेकिन ध्यान रखें कि अगर आपको किसी तरह की परेशानी है, तो एक्सपर्ट की सलाह पर ही अपने डाइट में किसी तरह का बदलाव करें। ताकि आगे होने वाली समस्याओं से बचा जा सके।

solved 5
wordpress ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author ->

Short info