healthplanet.net

Posted on

गर्भावस्था में कमर और पीठ दर्द

गर्भावस्था में पीठ व कमर दर्द होना एक आम बात है। करीब आधी से ज्यादा महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान किसी-न-किसी समय कमर और पीठ दर्द की शिकायत होती है।

अच्छी बात यह है कि पीठ दर्द से राहत पाने और दर्द की स्थिति गंभीर होने से रोकने के लिए बहुत कुछ किया जा सकता है। गर्भवती होने से पहले पीठ दर्द की समस्या से परेशान कुछ महिलाओं ने यहां तक पाया कि उनकी गर्भावस्था बढ़ने के साथ-साथ उन्हें दर्द में भी आराम मिलता गया।
गर्भावस्था में किस कारण से पीठ और कमर दर्द होता है?
आपकी हड्डियां और जोड़ अस्थिबंध (लिगामेंट) नामक सख्त उत्तकों से जुड़े होते हैं। गर्भावस्था के दौरान रिलैक्सिन नामक हॉर्मोन आपके अस्थिबंधों को शिथिल बना देता है। 10 से 14 हफ्ते की गर्भावस्था के बीच रिलैक्सिन हॉर्मोन अपने उच्च स्तर पर होता है।

यदि आपको गर्भावस्था की शुरुआत में ही पीठ दर्द हो रहा है, तो इसकी वजह रिलैक्सिन हॉर्मोन हो सकता है। पहली तिमाही में पीठ के निचले हिस्से में दर्द होना आम है।

जैसे-जैसे आप दूसरी और ती​सरी तिमाही में प्रवेश करती हैं, आपके गर्भस्थ शिशु का वजन और बढ़ता हुआ पेट अस्थिबंधों और मांसपेशियों पर और ज्यादा दबाव डालते हैं।

आपके पेट की मांसपेशियों में भी खिंचाव होने लगता है। जिसकी वजह से अब वे पहले की तरह मजबूती से आपका वजन वहन नहीं कर सकेंगी। इससे अब आपके पीठ के निचले हिस्से पर ज्यादा दबाव पड़ता है।

गर्भावस्था में आपके गुरुत्व के केंद्र में भी बदलाव आता है और इस वजह से अवस्था भी बदलती है। इसकी वजह से भी कमर में दर्द हो सकता है।

यदि आपका वजन सामान्य से ज्यादा है या फिर आप नियमित व्यायाम नहीं करती हैं, तो आपको गर्भावस्था के दौरान पीठ के निचले हिस्से में दर्द होने की संभावना ज्यादा रहती है।

विटामिन डी की बहुत ज्यादा कमी होने पर भी कमर दर्द हो सकता है।

यदि आपको पहले भी पीठ के निचले हिस्से में या श्रोणि क्षेत्र में दर्द रहा है, तो गर्भावस्था में इसके होने की संभावना अधिक होती है। अत्याधिक शारीरिक मेहनत वाले काम करने से भी दर्द ज्यादा बढ़ सकता है।
गर्भावस्था के दौरान पीठ दर्द के क्या लक्षण हैं?
आपको शायद उस जगह ही दर्द महसूस होगा जहां आपकी पीठ का निचला हिस्सा और श्रोणि क्षेत्र आपस में जुड़ते हैं। ऐसे में आप इसे पीठ दर्द की बजाय श्रोणि क्षेत्र में होने वाला दर्द भी मान सकती हैं। इसलिए इस तरह के दर्द को दो श्रेणियों में बांटना सही रहता है:

पीठ के निचले हिस्से में दर्द। यह दर्द हल्का होता है और आगे की तरफ झुकने पर महसूस होता है। इसकी वजह से आप रीढ़ के निचले या लुम्बार हिस्से को ज्यादा हिला-डुला नहीं पाती। पीठ की कुछ मांसपेशियों में भी दबाए जाने पर दर्द महसूस होगा।

श्रोणि करधनी दर्द (पेल्विक गर्डल पेन - पीजीपी)। यह श्रोणि क्षेत्र में शिथिल अस्थिबंधों और जोड़ों की वजह से होता है। आपको श्रोणि के पीछे की तरफ दर्द महसूस हो सकता है, जहां आपके कूल्हे की हड्डी और रीढ़ की निचली हड्डी के बीज जोड़ होता है। इस जोड़ को सैक्रोइलिएक जोड़ कहा जाता है। यह दर्द बहुत तीक्ष्ण, मंद या जलन जैसा महसूस हो सकता है जो आता-जाता रहता है। पीजीपी आपकी जांघों में पीछे की तरफ भी फैल सकता है। यदि आपको आगे की तरफ पुरोनितम्ब अस्थि (प्यूबिक बोन) में या इसके आसपास दर्द महसूस हो तो यह सिम्फिसिस प्यूबिस डिसफंक्शन (एसपीडी) हो सकता है। यह पीजीपी का ही एक प्रकार है।

यदि आपको लगे कि आपको श्रोणि करधनी दर्द है या आपको पीठ दर्द बहुत ज्यादा हो, तो अपनी डॉक्टर से बात करें। वे आपको फिजियोथेरेपिस्ट के पास जाने की सलाह दे सकती हैं। फिजियोथेरेपिस्ट पता लगाएंगी कि आपको पीठ दर्द है या पीजीपी है या फिर दोनों ही हैं। इसके आधार पर ही वे अपनी थैरेपी तय करेंगी और आपके मजबूती प्रदान करने वाली ऐसी एक्सरसाइज बताएंगी, जो आप घर पर कर सकती हैं। पीठ दर्द की वजह से रोजमर्रा की निम्नांकित गतिविधियां मुश्किल हो सकती हैं:

बैठी हुई अवस्था से उठना
बिस्तर में करवट बदलना
कपड़े पहनना या उतारना
ज्यादा देर तक वॉक करना
कम वजन उठाना और लेकर चलना


आप पाएंगी कि पीठ दर्द अक्सर दिन के खत्म होते-होते और अधिक तेज हो जाता है। लंबे समय तक खड़े रहने के कारण भी यह दर्द बढ़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि दिन गुजरने के साथ-साथ आपकी मांसपेशियां थक जाती हैं और आपके शरीर व गर्भस्थ शिशु के वजन की वजह से अस्थिबंधों में हल्का खिंचाव होने लगता है।
क्या गर्भावस्था में पीठ के दर्द से बचा जा सकता है?
गर्भावस्था से पहले और पूरी गर्भावस्था के दौरान एक्सरसाइज करने से पीठ दर्द से बचाव में या इसकी तीक्ष्णता कम करने में मदद मिल सकती है। कोई भी एक्सरसाइज शुरु करने से पहले अपनी डॉक्टर से बात करें, क्योंकि कुछ स्थितियों में आपकों अपनी शारीरिक गतिविधियां व व्यायाम कम या फिर बिल्कुल बंद करने होते हैं। आपकी डॉक्टर बता सकती हैं, कि आपके लिए क्या सुरक्षित है।

यदि आपको व्यायाम करने की आदत नहीं है, तो धीरे-धीरे शुरुआत करें। शुरू में 10 मिनट हल्की एक्सरसाइज पूरा हफ्ता करें। हल्के व्यायाम का मतलब है कि आपका दिल तेज धड़क रहा हो मगर फिर भी आप बात कर पा रही हों। फिर धीरे-धीरे एक सप्ताह में 150 मिनट (ढाई घंटे) एक्सरसाइज करने का लक्ष्य रखें।

मांसपेशियों को मजबूती प्रदान करने वाले व्यायाम जैसे कि पिलाटे, एक्वानेटल या स्विमिंग और योग आदि अपने पेट की मांसपेशियों को मजबूत करते हैं। इससे पीठ दर्द से बचाव में मदद मिलती है।

इनसे आपकी शारीरिक मुद्रा में भी सुधार होगा, जिससे अपने बढ़ते वजन को वहन करना आसान होगा। यदि संभव हो तो विशेषतौर पर गर्भवती महिलाओं के लिए होने वाली व्यायाम कक्षा में जाएं। यदि आप पहले से ही योग या पिलाटे क्लास में जाती हैं, तो अपने प्रशिक्षक को यह अवश्य बता दें कि आप गर्भवती हैं।

वॉक भी हल्के व्यायाम का अच्छा विकल्प है। इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना भी आसान रहता है।

आप रोजमर्रा में अपने झुकने, स्ट्रेच करने और चीजों को उठाने के ​तरीके पर ध्यान दें तो पीठ दर्द से बच सकती हैं। अगर, आपको कुछ भारी सामान जैसे कि ग्रॉसरी, अपने बड़े बच्चे को या फिर गीले कपड़ों की बाल्टी उठाने की जरुरत है, तो उन्हें अपने शरीर के पास थामकर रखें। पीठ की बजाय अपने घुटनों को मोड़ें और कोशिश करें कि उठाते समय आप घूमें नहीं।

solved 5
wordpress ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author ->

Short info