healthplanet.net

Posted on

खाना पचाने के लिए अपनाएं ये 7 घरेलू उपाय :-

1. पर्याप्त पानी पिएं

पानी शरीर के लिए बहुत जरूरी होता है। अगर आप कम पानी पीते हैं, तो आपको कब्ज व अपच जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आपको एक दिन में कम से कम 8 गिलास पानी का सेवन करने की सलाह दी जाती है। आप हर्बल चाय का सेवन भी कर सकते हैं। इसके साथ ही आप पानी से भरपूर खीरा, जुकिनी, टमाटर, खरबूजे, स्ट्रॉबेरी, अंगूर और आड़ू जैसे फल व सब्जियों को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।

2. अदरक का सेवन

एंटीऑक्सीडेंट के गुणों से भरपूर अदरक का सेवन करना आपके शरीर के लिए कई प्रकार से गुणकारी है। इसका सेवन करने से खाना पचाने में भी मदद मिलती है। साथ ही यह कब्ज की समस्या से भी छुटकारा दिलाता है। आप अदरक की चाय पी सकते हैं। साथ ही अगर आप चाहें तो अदरक का पानी या जिंजर कैंडी के रूप में भी इसका सेवन कर सकते हैं। लेकिन इसका अधिक सेवन ना करें। इससे आपको गैस, गले में जलन और हार्टबर्न की समस्या हो सकती है।

3. दही खाएं

कई लोग खाने के बाद या साथ में दही खाना पसंद करते हैं। लेकिन जो लोग दही नहीं खाते हैं उन्हें इसका सेवन करने की सलाह दी जाती है। दही को अपनी डाइट का हिस्सा बनाने से खाना पचाने में मदद मिलती है। इसका सेवन करने से पेट ठंडा रहता है। दही या छाछ का सेवन करने से मसालेदार खाने से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। यह एक प्रोबायोटिक फूड है जो गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। यह बैक्टीरिया खाना पचाने का काम करते हैं।

4. हींग का सेवन

एंटीऑक्‍सीडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर हींग का सेवन करने से आप भोजन को आसानी से पचा सकते हैं। यह अपच व गैस की दिक्कत से आराम दिलाती है। आप हींग का पानी बनाकर पी सकते हैं। इसके अलावा आप एक चुटकी हींग का सेवन सीधा भी कर सकते हैं।

5. खाना ठीक से चबाकर खाएं

आपने अक्सर सुना होगा खाने को 32 बार चबाकर खाना चाहिए। ऐसा करने से भोजन छोटे-छोटे टुकड़ों में आसानी से टूट जाता है। यह लार में मिल जाता है और पाचन क्रिया को आसान बनाता है। इसके साथ ही थोड़ा-थोड़ा खाएं, एकसाथ अधिक मात्रा में ना खाएं।

6. आंवला खाएं

आंवला खाने से कब्‍ज, खट्टी डकार और गैस आदि से राहत मिलती है। इसके सेवन से खाना आसानी से पचता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। आंवला खाने से आपका पाचन तंत्र दुरुस्त होता है। आप इसकी चटनी, मुरब्‍बा, अचार, जूस आदि का सेवन कर सकते हैं। इसके आलावा अगर आप चाहें तो इसे कैंडी के रूप में भी खा सकते हैं।

7. वॉक करें

खाना खाने के बाद आपको वॉक जरूर करनी चाहिए। वॉक करना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। साथ ही इससे खाना पचाने में भी मदद मिलती है। अगर आप वजन भी घटाना चाहते हैं, तो ऐसे में वॉक करना बेहद कारगर उपाय है। समय निकालकर रोजाना 40 से 45 मिनट वॉक जरूर करें।

खाना पचाने के लिए आप इन आसान तरीकों को आजमा सकते हैं। इसके साथ ही आप शराब के सेवन व धूम्रपान से परहेज करें। अधिक तेल-मसाले वाला भोजन कम से कम करें। जॉगिंग व साइकिलिंग आदि को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और तनाव से दूर रहें।

solved 5
wordpress ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author ->

Short info