healthplanet.net

Posted on

क्या पुरुष नसबंदी को रिवर्स किया जा सकता है? क्या फिर से पिता बनने का सुख मिल सकता है? जानें पूरा प्रोसीजर


Vasectomy Reversal Operation: पुरुष नसबंदी को वापस यानी रिवर्स करने के बारे में जानने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि पुरुष नसबंदी असल में होती क्या है? पुरुष नसबंदी को अंग्रेजी में वैसेक्टमी (Vasectomy) कहा जाता है. यह एक छोटा सा ऑपरेशन होता है, जिसका उद्देश्य प्रेग्नेंसी को रोकना होता है. पुरुष नसबंदी होने के बाद वीर्य (Semen) के साथ शुक्राणु (Sperms) नहीं निकलते. इसका मतलब यह है कि जिस व्यक्ति की नसबंदी हो जाती है वह अपनी पार्टनर महिला को गर्भवती नहीं कर सकता. हालांकि, नसबंदी को लेकर हमारे समाज में कई तरह की भ्रांतियां हैं, लेकिन बता दें कि इससे उनके शारीरिक रिश्तों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और मर्दानगी पहले जैसी ही बनी रहती है.

पुरुष नसबंदी एक बहुत ही छोटा सा ऑपरेशन होता है, जिसे डॉक्टर सिर्फ 30 मिनट में ही पूरा कर देते हैं. इसके लिए आपको अस्पताल में भर्ती रहने की भी आवश्यकता नहीं होती. ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद आप वापस अपने घर जा सकते हैं. इस प्रक्रिया को मेल स्टरलाइजेशन भी कहा जाता है. ऑपरेशन के बाद आपको उस हिस्से में कुछ दिन तक हल्का दर्द और सूजन रह सकती है. नसबंदी 100 फीसद तक असरदार होती है. बहुत कम ही मामलों में नसें फिर से जुड़ जाती हैं और वापस प्रेग्नेंसी का खतरा पैदा हो जाता है. नसबंदी के बाद भी कुछ दिनों तक स्पर्म निकलते रहते हैं, इसलिए आपको डॉक्टर से बात करनी चाहिए कि कब आप अन्य गर्भनिरोधक उपायों को अपनाना बंद कर सकते हैं.

अब आते हैं मूल प्रश्न पर. जी हां इस आर्टिकल में हमारा मूल प्रश्न यह है कि क्या नसबंदी को रिवर्स किया जा सकता है. क्या नसबंदी का फैसला लेने के कुछ समय या वर्षों बाद कोई व्यक्ति वापस पिता बनना चाहे तो क्या किसी तरह से उसकी नसबंदी को रिवर्स किया जा सकता है? जी हां, इस प्रश्न का उत्तर हां है, ऐसा संभव है. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.
नसबंदी रिवर्सल पर बात क्यों?

दरअसल हुआ ये कि बिहार के कैमूर जिले में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही के चलते एक व्यक्ति की नसबंदी हो गई, जबकि वह हाइड्रोसिल का ऑपरेशन करवाने के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ था. जब युवक की इस बारे में जानकारी मिली तो वह और उसका परिवार हैरान रह गए. इस संबंध में युवक के परिजनों ने चैनपुर पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई है. इसलिए आज हम बता रहे हैं कि नसबंदी भले आपने स्वयं करवाई हो या इस तरह की लापरवाही के कारण हुई हो, उसे रिवर्स किया जा सकता है.
नसबंदी से ज्यादा जटिल रिवर्सल ऑपरेशन

अब अगर आपने नसबंदी के ऑपरेशन को रिवर्स करने का मन बना ही लिया है तो इस बारे में कुछ बातें जान लेना जरूरी है. हां, ये बात बिल्कुल सही है कि नसबंद के ऑपरेशन को रिवर्स किया जा सकता है. लेकिन आपको इस बात के लिए तैयार रहना होगा कि यह नसबंदी के ऑपरेशन से ज्यादा जटिल है. यानी इसमें आपको भी ज्यादा दिक्कत होगी. नसबंदी के दौरान डॉक्टर टेस्टिकल्स से आपके प्राइवेट पार्ट तक स्पर्म्स को लेकर जाने वाली नस को काट देते हैं, जिसे वास डिफरेंस कहा जाता है. नसबंदी के रिवर्सल ऑपरेशन में कटी हुई नस के दोनों सिरों को फिर से जोड़ दिया जाता है. इस तरह से एक बार फिर स्पर्म, वीर्य में मिलने लगते हैं और आप अपनी पार्टनर को गर्भवती कर सकते हैं.

नसबंदी रिवर्सल क्यों किया जाता है?

अगर आपने नसबंदी करवाई है तो आप निम्न कुछ कारणों की वजह से इसे रिवर्स करवाने के बारे में सोच सकते हैं-

सोच में बदलाव : हो सकता है कि आपने शुरू में बच्चे पैदा न करने का निर्णय लेते हुए ऐसा करवाया हो, लेकिन अब आप अपने बच्चे चाहते हैं तो आप नसबंदी रिवर्सल करवा सकते हैं.
नया रिश्ता : तलाक के बाद आपने फिर से शादी की हो या नए रिश्ते में आए हों तो पहले की जा चुकी नसबंदी को आप रिवर्स करके अपना परिवार फिर से शुरू करना चाहें तो यह ऑपरेशन करवा सकते हैं.
दर्द से राहत के लिए : नसबंदी के ऑपरेशन के बाद कुछ बहुत ही कम लोगों के टेस्टिकल्स में दर्द रहता है. इस दर्द से राहत पाने के लिए भी रिवर्सल ऑपरेशन करवाया जा सकता है.
प्रजनन क्षमता वापस पाने की चाहत : आप और बच्चे नहीं चाहते हैं, फिर भी प्रजनन क्षमता को वापस पाना चाहते हैं, ताकि आपको यह एहसास हो कि आपमें बच्चे पैदा करने की क्षमता है तो आप यह ऑपरेशन करवा सकते हैं.
गलती सुधारना : गलती से अगर नसबंदी हो गई है तो आप नसबंदी रिवर्सल ऑपरेशन करवाकर अपनी प्रजनन क्षमता को वापस पा सकते हैं.

नसबंदी को रिवर्स कैसे किया जाता है?

इस ऑपरेशन को करने के दो तरीके हैं. पहला तरीका है वैसोवैसोक्टमी, जिसमें आपके डॉक्टर वास डिफरेंस के दोनों सिरों को एक साथ जोड़कर सिल देते हैं. इस तरह से एक बार फिर से वीर्य में स्पर्म शामिल होने लगते हैं. दूसरा तरीका वैसोएपिडिडामोस्टमी है. इसमें डॉक्टर वास डिफरेंस को टेस्टिकल्स के पिछले हिस्से में एक छोटे से अंग के साथ जोड़ देते हैं. बता दें कि इसी अंग में स्पर्म स्टोर होते हैं. दूसरा तरीका, पहले तरीके से बहुत ही जटिल है. डॉक्टर इस दूसरे तरीके को तभी चुनते हैं, जब डॉक्टर को लगे कि पहला तरीका आप नहीं अपनाया जा सकता है या आपके लिए ठीक नहीं है.
ऑपरेशन में कितना समय लगता है?

नसबंदी रिवर्सल ऑपरेशन अस्पताल और क्लीनिक में किए जाते हैं. इस ऑपरेशन के दौरान आपको एनस्थीसिया देकर सुला दिया जाता है, ताकि आप कुछ भी महसूस न कर सकें. इस ऑपरेशन में 2-4 घंटे तक का समय लग सकता है. हालांकि, इस ऑपरेशन के बाद भी आप उसी दिन वापस अपने घर जा सकते हैं. ऑपरेशन के दर्द और असहजता से उबरने में आपको दो हफ्ते तक का समय लग सकता है. नसबंदी को कई-कई बार वापस किया जा सकता है, लेकिन हर बार इसकी सफलता का दर कम होता जाएगा.
नसबंदी रिवर्सल की सफलता दर कितनी है?

अगर आप नसबंदी रिवर्सल का ऑपरेशन करवाना चाहते हैं तो पहले जान लीजिए की इसकी सफलता दर कितनी है. बता दें कि इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि आपकी नसबंदी का ऑपरेशन हुए कितने वर्ष हो चुके हैं. नसबंदी रिवर्सल की सफलता की दर 60-95 फीसद तक होती है. रिवर्सल ऑपरेशन के बाद प्रेग्नेंसी की संभावना 50 फीसद तक बढ़ जाती है. हालांकि, आपको यह भी ध्यान रखना चाहिए कि अगर आपकी नसबंदी को 15 वर्ष से अधिक हो चुके हैं तो रिवर्सल ऑपरेशन की सफलता दक काफी कम हो सकती है. प्रेग्नेंसी के मामले में महिला पार्टनर की उम्र और स्वास्थ्य के साथ ही आपकी स्पर्म क्वालिटी भी महत्वपूर्ण होती है.
कितने समय बाद बना सकते हैं संबंध

नसबंदी रिवर्सल ऑपरेशन सफलतापूर्वक होने के बाद भी वैसोवैसोक्टमी में 6-12 महीने में स्पर्म वापस आ सकते हैं, जबकि वैसोएपिडिडायमोस्टमी के मामले में स्पर्म को वापस आने में एक साल से अधिक समय लग सकता है. कुछ लोगों के अंडकोश में ब्लीडिंग की समस्या हो सकती है और इंफेक्शन का खतरा भी हो सकता है. कुछ लोगों को दर्द की समस्या भी हो सकती है. लेकिन जहां तक शारीरिक संबंध बनाने की बात है अपने डॉक्टर से पूछे बिना ऐसा न करें. आमतौर पर डॉक्टर रिवर्सल ऑपरेशन के बाद अगले 2-3 हफ्ते तक शारीरिक संबंध बनाने से मना करते हैं.

solved 5
wordpress ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author ->

Short info